Saturday, November 21, 2026

उद्घाटन का पेटेंट

 

एक राजा थे। वे लोकप्रिय नहीं थे।

उन्होंने मंत्रिपरिषद को लोकप्रियता हासिल करने का कोई उपाय खोजने का निर्देश दिया।

मंत्रिपरिषद के सभी सदस्य इस काम में जुट गए। अगले दिन वे अपने-अपने सुझावों के साथ उपस्थित हुए।

किसी ने कहा, कॉलेज खुलवाकर लोकप्रियता हासिल की जा सकती है। कोई बोला, अस्पताल खुलवाने चाहिए। एक मंत्री ने गरीबों को मुफ्त राशन बाँटने का सुझाव दिया। किसी ने सड़कें बनवाने की सलाह दी, तो किसी ने बेरोज़गारों को रोजगार देने की। एक मंत्री ने महँगाई कम करने की बात कही, तो दूसरे ने जनता की शिकायतें सुनने के लिए एक विशेष आयोग गठित करने का सुझाव दिया।

राजा सभी सुझाव सुनते रहे। अंततः उन्होंने पाया कि ये सभी उपाय खर्चीले हैं और इनके परिणाम आने में भी काफी समय लगेगा।

तभी एक मंत्री ने सुझाव दिया—

"महाराज, आपको उद्घाटन का पेटेंट अपने नाम करवा लेना चाहिए। प्रत्येक उद्घाटन के शिलापट्ट पर आपका नाम होगा। इस तरह बिना कुछ किए भी आप लोकप्रिय हो जाएँगे।"

राजा को यह सुझाव बेहद पसंद आया।

तुरंत फरमान जारी कर दिया गया कि अब से राज्य में होने वाले सभी उद्घाटन राजा स्वयं करेंगे।

राजा उद्घाटन समारोहों में व्यस्त हो गए।

कभी रेल को हरी झंडी दिखाकर उसमें सफर करते हुए पत्रकारों से बातचीत करते, तो कभी पुल का उद्घाटन कर उस पर भ्रमण करते हुए पत्रकारों को साक्षात्कार देते। धीरे-धीरे उद्घाटन और पत्रकारों से बातचीत उनके राजकीय कार्यों का अहम हिस्सा बन गए।

पत्रकार भी इन गतिविधियों को अपने अखबारों में प्रमुखता से जगह देने लगे।

कुछ दिनों बाद एक नगर में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण पूरा हुआ। राजा को उसके उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया गया।

राजा ने जिज्ञासावश पूछा—

"शौचालय के उद्घाटन में क्या करना होगा?"

किसी ने दबी जुबान में कहा—

"महाराज, वही जो आप हर उद्घाटन में करते हैं... फीता काटकर शौच करना होगा और शौच के दौरान पत्रकारों से बातचीत भी करनी होगी।"

विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, इस घटना के बाद राजा ने उद्घाटन के पेटेंट से अपना नाम वापस ले लिया। अलबत्ता, उद्घाटन की परंपरा जारी रखने के लिए उन्होंने बाकायदा एक विभाग गठित कर दिया और एक उद्घाटन मंत्री नियुक्त कर दिया।

No comments:

विश्व रेडक्रास दिवस

विश्व रेडक्रास दिवस
विश्व रेडक्रास दिवस पर कविता पाठ 7 मई 2010

हिन्दी दिवस : काव्य पाठ

हिन्दी दिवस : काव्य पाठ
हिन्दी दिवस 2009

राजस्थान पत्रिका में 'यूरेका'

राजस्थान पत्रिका में 'यूरेका'

हमारी वाणी

www.hamarivani.com

ब्लागोदय


CG Blog

एग्रीगेटर्स

ब्लागर परिवार

Blog parivaar