Monday, November 23, 2026

M. वर्मा को गुस्सा कब आता है?

M. वर्मा को गुस्सा तब आता है—

जब गड्ढों से पटी सड़क पर
ट्रैफिक इंस्पेक्टर
तथाकथित नियमों के उल्लंघन पर
चालान काटने और उगाही करने के लिए
तैनात होता है।

जब मुझे ग्रीन लाइट का इंतज़ार करते देख
एक बाइकर घूरता हुआ बगल से निकल जाता है
और लाल बत्ती पार कर जाता है।

जब गलत दिशा में वाहन चलाने वाला
मुझे ही रास्ते से हटने का संकेत देता है।

जब फुटपाथ पर दुकानदार का कब्ज़ा
और सड़क पर कारों की पार्किंग देखकर
पैदल चलने की गलती का एहसास होता है।

जब कोई पुलिसवाला सलाह देता है—
‘इस रास्ते मत जाइए,
यहाँ जेबकतरे और मोबाइल छीनने वाले घूमते रहते हैं।’

जब सरकारी दफ्तर में
काम करवाने के लिए
नियम-कानून से ज्यादा
किसी सिफारिश की जरूरत पड़ती है।

जब सड़क पर कूड़ा फेंकने वाला
नहाने-धोने के बाद
स्वच्छता अभियान की तस्वीर पोस्ट करता है।

जब कोई कतार तोड़कर आगे निकल जाता है
और पीछे खड़े लोग
चुपचाप उसे देखते रहते हैं।

और सबसे ज्यादा गुस्सा तब आता है—

जब इन सबके खिलाफ आवाज़ उठाने पर
कोई समझाता है—

‘वर्मा जी, आप अपना काम कीजिए...
दुनिया ऐसे ही चलती है!’

और तो और...

जब श्रीमती जी
‘आईए—जाइए’ वाले लहजे में बात करती हैं,
तो दुनिया पर नहीं...
खुद पर गुस्सा आता है।

लगता है,
मुझसे कोई बड़ी गलती हुई है,
जो ‘तू—तड़ाक’
‘
आईए—जाइए’ में बदल गया!

3 comments:

  1. सुंदर कटाक्ष
    वंदन

    ReplyDelete
  2. सच में मुझे भी बहुत गुस्सा आता है जब गलत बात पर हम कुछ कहे और मेरे साथ वाले को शर्म आये कि लोग क्या कहेंगे,क्या सोचेंगे। गलत पर चुप रहकर हम सपोर्ट करते हैं और फिर बाद में पंचायती करते हैं। आपकी इस रचना से हम ख़ुद को जोड़ पा रहे है सर।
    सादर
    ------
    नमस्ते,
    आपकी लिखी रचना मंगलवार २४ नवंबर २०२६ के लिए साझा की गयी है
    पांच लिंकों का आनंद पर...
    आप भी सादर आमंत्रित हैं।
    सादर
    धन्यवाद।
    ---------



    ReplyDelete